क्राइमछत्तीसगढ़बलौदाबाजार

बलौदाबाजार में महिला की हत्या से सनसनी: घर के बिस्तर पर मिला शव, पति गायब; वारदात की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

बिस्तर पर मिली महिला की लाश, हत्या की आशंका; पति गायब

बलौदाबाजार। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के टोनाटार गांव में 50 वर्षीय महिला का शव उसके घर में मिलने से सनसनी फैल गई। शरीर पर गहरे घाव मिलने के कारण धारदार हथियार से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से महिला का पति भी नहीं मिल रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ वारदात से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पड़ोसियों के आवाज देने पर नहीं मिला जवाब

महिला अपने पति के साथ गांव में रहती थी। घर में काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं दिखने पर पड़ोसियों ने आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर वे अंदर पहुंचे तो बिस्तर पर महिला का शव दिखाई दिया। आसपास खून फैला हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में महिला के पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें मिली हैं। कमरे की दीवारों और फर्श पर भी खून के निशान पाए गए।

पुलिस ने मौके से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के कारण और चोटों की प्रकृति को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पति की तलाश, परिजनों से पूछताछ

महिला के पति का घटना के बाद से पता नहीं चलने पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात से पहले घर में क्या हुआ था।

फिलहाल हत्या की वजह और इसमें शामिल व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच आगे बढ़ा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!