बीएनबी स्कूल परिसर में लगा जनकल्याण का शिविर, धान से बनी सर्जिकल स्ट्राइक थीम की विशाल रंगोली बनी
सेवा संकल्प शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 13,869 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

तिल्दा-नेवरा। विधानसभा स्तरीय सेवा संकल्प शिविर के अंतर्गत तिल्दा नगर के बीएनबी स्कूल परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं पात्र हितग्राहियों को मौके पर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर नवीन अग्रवाल रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री भाजपा रायपुर एवं सांसद प्रतिनिधि जिला पंचायत रायपुर अनिल अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष तिल्दा चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा, जिला पंचायत सदस्य स्वाति वर्मा, जिला पंचायत सदस्य रायपुर शैल महेंद्र साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद, नरसिंह वर्मा, सुरेश लखवानी, सतीश निषाद सहित नगर पालिका के पार्षद एवं एल्डरमैन, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष-पदाधिकारी, जनपद पंचायत तिल्दा के सदस्य, सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी और सरस्वती माता के पूजन से शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तार से बताया।
13,869 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

सेवा संकल्प शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं से कुल 13,869 हितग्राही लाभान्वित हुए। हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख, आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र, प्रधानमंत्री आवास से संबंधित लाभ, प्रोजेक्ट अजा के अंतर्गत चाबी, विभिन्न उपकरण, चेक, किट एवं अन्य सामग्री का वितरण किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी नागरिकों की मौजूदगी रही। पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। नागरिकों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं मिलने को उपयोगी बताया।

धान से बनी विशाल रंगोली बनी आकर्षण
शिविर परिसर में 17×17 फीट की धान से तैयार सर्जिकल स्ट्राइक थीम आधारित रंगोली भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। रंगोली को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही और यह आयोजन में विशेष चर्चा का विषय बनी।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तिल्दा मुकेश कोठारी, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रवि कुमार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमिताभ शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में सुविधा मिलती है। उन्होंने शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचकर इसे सफल बनाने वाले ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।




