
कोरबा – छत्तीसगढ़ के कोरबा ज़िले में गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता शक्ति सिंह समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि ‘लव जिहाद’ विवाद के चलते भाजपा नेता ने मुंबई से शूटर बुलाकर एक परिवार को डराने की साजिश रची थी।
📍 क्या है पूरा मामला?
25 सितंबर की देर रात कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनियां गांव में तौसीफ मेमन के घर और दुकान पर गोली चलाई गई। गोलीबारी के बाद भाग रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसे भाजपा नेता शक्ति सिंह ने सुपारी देकर बुलाया था।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने तुरंत साइबर सेल की मदद से शक्ति सिंह और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
‘लव जिहाद’ विवाद
मामले की जड़ तीन महीने पुरानी है, जब तौसीफ मेमन ने कटघोरा की एक हिंदू युवती से पश्चिम बंगाल में शादी कर ली थी। इसी बात से नाराज होकर शक्ति सिंह ने इस घटना को ‘लव जिहाद’ मानते हुए गोलीबारी की साजिश रची।
कौन है शक्ति सिंह?
शक्ति सिंह भाजपा के कोसाबाड़ी मंडल महामंत्री हैं और अक्सर पार्टी नेताओं के साथ मंच साझा करते दिखते रहे हैं।
कांग्रेस का हमला
घटना के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अपराधियों को खुली छूट मिली है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शासन में सुपारी किलिंग जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।