
तिल्दा नेवरा (जिला रायपुर)।
थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम खपरीकला स्थित निर्माणाधीन रेलवे अंडर पासिंग से एम.एस. प्लेट चोरी की थी। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने उनके कब्जे से 08 एम.एम. की 03 एम.एस. प्लेट और चोरी में प्रयुक्त चारपहिया वाहन (क्रमांक CG 04 NK 3677) सहित कुल ₹3,10,000 की संपत्ति जब्त की है।
घटना का विवरण:
प्रार्थी रामेश्वर आडिल निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका (थाना तिल्दा नेवरा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह स्वास्तिक ग्रुप रायपुर में साइट इंजीनियर है और ग्राम खपरीकला में रेलवे अंडर पासिंग का निर्माण कार्य उसकी निगरानी में चल रहा है।
दिनांक 08 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 4 बजे चौकीदार गोविंद निषाद ने सूचना दी कि एक छोटा हाथी वाहन में कुछ लोग आए और गैस कटर से एम.एस. प्लेट 8 एम.एम. काटकर वाहन में लोड कर चोरी कर ले गए।
रिपोर्ट पर थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 452/25, धारा 303(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस कार्रवाई:
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने प्रार्थी और चौकीदार से पूछताछ कर तकनीकी विश्लेषण व मुखबिरों की मदद से आरोपियों का पता लगाया।
तलाशी के दौरान आरोपियों की पहचान रामचंद देवांगन उर्फ रामचंद वस्त्रकार और दीप साहू, दोनों निवासी नेवरा, के रूप में हुई।
दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी:
1️⃣ रामचंद देवांगन उर्फ रामचंद वस्त्रकार, पिता धूलचंद देवांगन, उम्र 35 वर्ष, निवासी नेवरा, थाना तिल्दा नेवरा।
2️⃣ दीप साहू, पिता सुखराम साहू, उम्र 38 वर्ष, निवासी नेवरा, थाना तिल्दा नेवरा।