
रायपुर। कांकेर ज़िले के अम्बेड़ा क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में शव दफ़नाने को लेकर हुए विवाद और कथित धर्म परिवर्तन के मामले के बाद छत्तीसगढ़ सर्व समाज ने बुधवार, 24 दिसंबर को पूरे राज्य में छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया है। इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और ट्रांसपोर्ट चैंबर का भी समर्थन प्राप्त है।
बंद के समर्थन में राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में असर देखने को मिल रहा है। रायपुर के जयस्तंभ चौक समेत प्रमुख इलाकों में व्यापारी सड़कों पर उतरे और दुकानें बंद रखी गईं। प्रदर्शन में बजरंग दल के कार्यकर्ता भी शामिल रहे। बंद का उद्देश्य कथित धार्मिक धर्मांतरण के विरोध और विवाद पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना बताया जा रहा है।
बंद के दौरान प्रभावित सेवाएं
अधिकांश दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद
सब्ज़ी मंडियां और कमर्शियल गतिविधियां ठप
ट्रांसपोर्ट सेवाएं प्रभावित
रायपुर के अलावा अन्य शहरों में भी बंद का असर संभावित
हालांकि, आवश्यक सेवाओं को लेकर स्थिति सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। बंद के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।





