Uncategorizedछत्तीसगढ़रायपुर

CG NEWS : राजधानी रायपुर में पेट्रोल संकट गहराया, कई पंप ड्राई… लंबी कतारों से जाम जैसे हालात, लोगों में बढ़ी चिंता

कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाए हैं कि क्या देश और दुनिया में चल रहे अंतरराष्ट्रीय तनावों का असर भारत के ईंधन बाजार पर पड़ रहा है।

रायपुर। CG NEWS:  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल और डीजल को लेकर हालात लगातार चिंताजनक होते दिखाई दे रहे हैं। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी की स्थिति सामने आई है। कई पंप पूरी तरह ड्राई हो चुके हैं, जबकि जहां पेट्रोल उपलब्ध है वहां सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई जगहों पर वाहनों की लाइनें सड़कों तक पहुंच गईं, जिससे ट्रैफिक प्रभावित होने लगा है और जाम जैसी स्थिति बन रही है।

पेट्रोल लेने के लिए लोग घंटों तक कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर जल्द पेट्रोल भरवाने को लेकर वाहन चालकों के बीच बहस और विवाद की स्थिति भी देखने को मिली। सोशल Media पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में लोग अपनी बाइक और कार को सड़क पर धक्का देते नजर आ रहे हैं, क्योंकि पेट्रोल खत्म होने के बाद उन्हें कई पंपों पर ईंधन नहीं मिल पाया।

राजधानी रायपुर के अलावा बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई और अन्य जिलों में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिल रही है। हालांकि सबसे ज्यादा दबाव राजधानी के पेट्रोल पंपों पर नजर आ रहा है, जहां रोज हजारों वाहन ईंधन के लिए पहुंचते हैं।

स्थिति का असर अब आम जनजीवन और यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। रायपुर के कई प्रमुख मार्गों पर पेट्रोल पंपों के बाहर लगी लंबी लाइनों के कारण सड़कें संकरी पड़ गई हैं। कई जगह वाहन धीरे-धीरे रेंगते दिखाई दिए। लोगों का कहना है कि अगर जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।

इस बीच जिला प्रशासन और पेट्रोलियम एसोसिएशन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल की खरीदारी न करें। अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में अचानक ईंधन की मांग बढ़ी है, जिसके कारण दबाव की स्थिति बनी हुई है। पेट्रोलियम एसोसिएशन के मुताबिक डिमांड के मुकाबले पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल पा रही है, जिससे कई पंपों में स्टॉक जल्दी खत्म हो रहा है।

जानकारों का कहना है कि लगातार हो रही बिजली कटौती की वजह से डीजल की खपत भी बढ़ी है। लोग जनरेटर और बैकअप सिस्टम का अधिक उपयोग कर रहे हैं, जिससे डीजल की मांग सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा हो गई है। इसका असर सप्लाई चेन पर भी पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन और एसोसिएशन दोनों का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है और जल्द ही सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद है।

वहीं आम लोगों के बीच इस बात को लेकर चिंता बढ़ गई है कि आखिर यह संकट कब तक चलेगा और आने वाले दिनों में इसका असर कितना बड़ा हो सकता है। नौकरीपेशा लोग, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र और रोज वाहन से सफर करने वाले लोग सबसे ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं।

कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाए हैं कि क्या देश और दुनिया में चल रहे अंतरराष्ट्रीय तनावों का असर भारत के ईंधन बाजार पर पड़ रहा है। हालांकि अभी तक प्रशासन या तेल कंपनियों की ओर से किसी अंतरराष्ट्रीय कारण को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

अब लोगों की नजर शासन और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की स्थिति कब तक सामान्य होगी और आम लोगों को राहत देने के लिए क्या ठोस व्यवस्था की जाएगी। अगर सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परिवहन, व्यापार और दैनिक गतिविधियों पर इसका असर और ज्यादा दिखाई दे सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!