
तिल्दा-नेवरा। नगर के ऐतिहासिक BNB स्कूल मैदान में आयोजित भव्य श्रीमद् श्रीराम कथा के तीसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्व. श्री सोनचंद वर्मा स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में भगवान श्रीराम जन्मोत्सव का प्रसंग पूरे विधि-विधान और भव्यता के साथ मनाया गया।
कथा वाचन के दौरान जैसे ही अयोध्या की प्रख्यात मानस विदुषी पूज्या दीदी देवी चंद्रकला जी ने व्यासपीठ से “भय प्रगट कृपाला, दीनदयाला” का भावपूर्ण गान किया, पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष, शंखनाद और पुष्पवर्षा से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति में लीन नजर आए और BNB मैदान अयोध्या नगरी जैसा प्रतीत हुआ।

प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री माननीय श्री टंकराम वर्मा जी एवं आयोजन के मुख्य संयोजक श्री पुष्पराज वर्मा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने व्यासपीठ का पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

व्यवस्था और अनुशासन की सराहना
आयोजन को सफल बनाने में नगर के वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे दूर-दराज से आए भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
श्रीराम जीवन से मिलती है मर्यादा की सीख
इस अवसर पर मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी ने कहा कि “भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और आदर्शों का सर्वोच्च उदाहरण है, जिसे अपनाकर समाज को सशक्त और संस्कारित बनाया जा सकता है।”

कल होंगे बाल लीलाओं के प्रसंग
कथा के चौथे दिन भगवान श्रीराम की बाल लीलाओं, ताड़का वध सहित कई प्रेरक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमियों से सपरिवार उपस्थित होकर पुण्यलाभ लेने की अपील की है।




