
रायपुर।
राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के पॉश इलाके में स्थित छत्तीसगढ़ क्लब के सामने स्कूल जा रहे दो मासूम बच्चे एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस भीषण दुर्घटना में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है।
घटना उस समय हुई जब दोनों बच्चे स्कूल के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस की टोइंग गाड़ी (क्रेन) ने बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, वहीं घायल बच्ची को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। बताया जा रहा है कि टोइंग गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह हादसा कई गंभीर सवाल खड़े करता है—आखिर बच्चों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार सिस्टम ही जब खतरा बन जाए, तो जवाबदेही किसकी होगी?




