CG AD
AD
क्राइम

कुंवारी बनकर रचाया प्यार का जाल! दो बच्चों की मां ने शादी का झांसा देकर युवक के घर से लाखों के जेवर और नकदी उड़ाई

कुंवारी बनकर रचाया प्यार का जाल! दो बच्चों की मां ने शादी का झांसा देकर उड़ाए लाखों के गहने

CRIME NEWS: जमशेदपुरझारखंड के जमशेदपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने खुद को कुंवारी बताकर पहले युवक से दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर उसके परिवार का विश्वास जीत लिया और मौका मिलते ही घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। यह मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर, गरुड़बासा का है, जहां इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग हैरान हैं कि किस तरह युवती ने पूरे परिवार को अपने झांसे में ले लिया।

जानकारी के मुताबिक, गोविंदपुर निवासी निखिल सिंह की मुलाकात पूजा पांडेय नाम की युवती से हुई थी। बताया जा रहा है कि पूजा शहर के एक पीजी में रहती थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। बातचीत के दौरान युवती ने खुद को कुंवारी बताया और निखिल से शादी करने की इच्छा जताई। निखिल भी उसकी बातों पर भरोसा करने लगा और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। कुछ समय बाद पूजा निखिल के घर आने-जाने लगी और परिवार के लोगों से भी घुल-मिल गई।

इसी बीच निखिल के घर जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पूजा पांडेय भी शामिल होने पहुंची। कार्यक्रम के दौरान वह पूरे परिवार के साथ काफी घुल-मिल गई और घर के कामों में भी हाथ बंटाने लगी। परिवार के लोग भी उसे निखिल की होने वाली दुल्हन समझकर उस पर भरोसा करने लगे। इसी भरोसे के चलते निखिल ने अपनी अलमारी की चाबी भी पूजा को दे दी, ताकि जरूरत पड़ने पर वह सामान निकाल सके।

बताया जा रहा है कि 6 मार्च को जनेऊ कार्यक्रम खत्म होने के बाद निखिल की बुआ को घर वापस जाना था और उन्हें अपनी अलमारी से मंगलसूत्र निकालना था। जब निखिल ने पूजा से अलमारी की चाबी मांगी तो वह किसी किसी बहाने से चाबी देने में टालमटोल करने लगी। इससे परिवार के लोगों को शक हुआ। जब बाद में अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे लाखों रुपये के जेवरात और कुछ नकदी गायब मिले। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए और तुरंत पूरे घर में तलाश शुरू की, लेकिन तब तक युवती वहां से फरार हो चुकी थी।

घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले की चर्चा होने लगी। लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि जिस युवती को परिवार के सदस्य बहू मानकर सम्मान दे रहे थे, वही मौका मिलते ही घर से जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद निखिल सिंह ने गोविंदपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस को एक और चौंकाने वाली जानकारी मिली। पता चला कि पूजा पांडेय पहले से ही शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि वह युवकों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देती है और मौका मिलते ही उनके घर से जेवरात या कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पड़ोस के एक घर में भी उसने इसी तरह विश्वास हासिल कर अलमारी की चाबी ले ली थी, जिसके बाद वहां से भी गहने गायब होने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में उसके साथ कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है और उसने अब तक कितने लोगों को इसी तरह अपना शिकार बनाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो युवती के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद इलाके में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर जल्दी भरोसा करें और किसी को भी घर के कीमती सामान या अलमारी की चाबी दें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!