
रायगढ़/घरघोड़ा।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक को बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देकर कथित वसूली करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पार्षद श्याम भोजवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला एक युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध से जुड़े विवाद के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता साहिल यादव के अनुसार उसका धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। 7 मई को दोनों के बीच विवाद होने पर युवती थाना घरघोड़ा पहुंची थी। बाद में बातचीत के जरिए मामला शांत हो गया और किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
साहिल यादव का आरोप है कि उसी दिन शाम को आरोपी श्याम भोजवानी उसके घर पहुंचा और कथित तौर पर कहा कि यदि मामला दबाना है तो 50 हजार रुपये देने होंगे, अन्यथा उसे बलात्कार के मामले में जेल भेज दिया जाएगा। परिवार द्वारा आर्थिक असमर्थता जताने पर आरोपी ने कथित रूप से रकम घटाकर 40 हजार रुपये कर दी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसके बाद लगातार फोन कॉल कर पैसे की मांग की जाती रही और रकम नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी दी गई। मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले परिवार पर इस कथित दबाव का असर इतना बढ़ गया कि उन्होंने उधार लेकर रकम जुटाने तक की सोच शुरू कर दी थी।
मामले में उस समय नया मोड़ आया जब साहिल यादव ने आरोपी के साथ हुई बातचीत को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार ऑडियो रिकॉर्डिंग में रकम मांगने और धमकी देने जैसी बातें दर्ज हैं। पुलिस जांच में यही रिकॉर्डिंग महत्वपूर्ण साक्ष्य मानी जा रही है।
शिकायतकर्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी पुलिस अधिकारी ने उनसे पैसे की मांग नहीं की थी। इसी वजह से परिवार को संदेह हुआ कि कानून और पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर उनसे कथित अवैध वसूली की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



