
महासमुंद |
थाना तुमगांव क्षेत्र में हुई 2 लाख 49 हजार 988 रुपये की साइबर ठगी का महासमुंद पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में झारखंड के जामताड़ा और देवघर जिले से जुड़े ऑनलाइन ठगी गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित ने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया था, जिसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर खुद को BOODMO कंपनी का प्रतिनिधि बताया और भरोसा जीत लिया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों ने पीड़ित को Helpdesk Host ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। ऐप इंस्टॉल होते ही स्क्रीन मिररिंग के जरिए आरोपी ने मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक सीधी पहुंच बना ली और खाते से बड़ी रकम निकाल ली।
भारी मात्रा में सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से
09 एंड्रॉइड मोबाइल (Vivo, Oppo, iPhone)
01 लैपटॉप
वाई-फाई उपकरण
02 सिम कार्ड
बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 88 हजार रुपये बताई जा रही है।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देश के 14 राज्यों—उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब समेत—में कुल 36 मामले दर्ज हैं। इन मामलों में करीब 12 लाख 26 हजार 948 रुपये की ऑनलाइन ठगी की पुष्टि हुई है।
पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गूगल पर मिले किसी भी कस्टमर केयर नंबर पर आंख बंद कर भरोसा न करें और किसी भी अनजान ऐप को डाउनलोड करने से पहले सावधानी बरतें।





