
धमतरी |
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिहावा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 127 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 63.54 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल की शाम सांकरा स्थित फॉरेस्ट नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सिल्वर कार (MH10-DQ-4294) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से भूरे टेप में पैक 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
मौके पर पुलिस को बुलाकर गवाहों के सामने कार्रवाई की गई। तौल में कुल 127.09 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजा के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त कार (करीब 9 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन और 1500 रुपये नगद भी जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 72.71 लाख रुपये बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों—
संदीप विष्णु खोत (41 वर्ष) और स्वप्नील मुलिक (31 वर्ष), दोनों निवासी सांगली (महाराष्ट्र)—को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) (ii) (सी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





