
कवर्धा (कबीरधाम)।
कबीरधाम जिले की राजनीति में उस समय बड़ा भूचाल आ गया, जब किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को पुलिस ने उनकी शादी से ठीक पहले गिरफ्तार कर लिया। उनकी शादी 7 तारीख को तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं, लेकिन एक शिकायत ने पूरा मामला पलट दिया।
जानकारी के अनुसार, कवर्धा महिला थाना में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराते हुए रवि चंद्रवंशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर करीब 10 वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कवर्धा के डीएसपी आशीष शुक्ला ने बताया कि युवती ने अपने लिखित आवेदन में उल्लेख किया है कि वर्ष 2016 से आरोपी शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बना रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अपने घर पर मौजूद नहीं है। इसके बाद पुलिस टीम रायपुर पहुंची, जहां से शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया और कवर्धा महिला थाना लाया गया।
रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
इधर, शादी की तैयारियों में जुटे परिवार में अचानक मातम जैसा माहौल छा गया है। जहां कुछ दिन पहले तक खुशियों का माहौल था, वहीं अब गिरफ्तारी के बाद परिवार सदमे में है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




