
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग बारात के बीच बंदूक से हवा में गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में भाजपा से जुड़े बताए जा रहे कुछ लोग शादी समारोह के दौरान हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में एक ही हथियार से कई बार हवाई फायरिंग की गई। वीडियो में महिलाएं और अन्य परिजन भी दिखाई दे रहे हैं।
घटना को लेकर सबसे ज्यादा चिंता इस बात को लेकर जताई जा रही है कि समारोह में बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग मौजूद थे। इसके बावजूद खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग की गई। वीडियो में एक नाबालिग बच्चे के हाथ में भी बंदूक दिखाई देने की बात सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे रितुपर्ण सिंह को भाजपा से जुड़ा नेता बताया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम में मंडी बोर्ड सदस्य मोनिका सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है।
रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू होने के साथ ही हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बावजूद सार्वजनिक कार्यक्रम में इस तरह हथियारों का इस्तेमाल और फायरिंग होना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और हथियारों के उपयोग से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि देशभर में हर्ष फायरिंग के दौरान कई बार हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सुरक्षा नियमों के पालन पर चिंता बढ़ती जा रही है।




