जांजगीर-चांपा: पुरानी रंजिश में चाचा ने भतीजे की उंगली दांत से काटी, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुड़गा से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर एक चाचा ने अपने ही भतीजे के साथ गाली-गलौच करते हुए उस पर हमला कर दिया और दांत से उसकी उंगली काट दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रवि यादव (35 वर्ष), निवासी डुड़गा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा है। घटना के संबंध में बताया गया कि प्रार्थी अमित कुमार यादव (30 वर्ष) मजदूरी के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ गया हुआ था। 23 अप्रैल 2026 की रात लगभग 8 बजे जब वह अपने गांव लौटा और दादी सोनकुंवर यादव से मिलने उनके घर पहुंचा, तभी यह घटना घटी।
इसी दौरान उसका चाचा रवि यादव पुरानी रंजिश को लेकर भड़क गया और गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अमित यादव पर हमला कर उसके दाहिने हाथ की इंडेक्स उंगली को दांत से काट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना पामगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 118(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, आरक्षक भुनेश्वर पटेल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।




