
तिल्दा-नेवरा, 18 जून। संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर साहेब के प्राकट्य दिवस के पावन अवसर पर मंगलवार को तिल्दा-नेवरा में “सद्गुरु कबीर प्राकट्य उत्सव” श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। श्री सद्गुरु कबीर सत्संग सेवा समिति (S.K.D.V. मिशन) के तत्वावधान में आश्रय स्थल बस स्टैंड, दीनदयाल उपाध्याय चौक के समीप आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से सैकड़ों श्रद्धालु एवं कबीरपंथी शामिल हुए।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं सर्वकल्याण की कामना के साथ प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव इस वर्ष भी भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा पूरे वातावरण में भक्ति और आध्यात्मिकता की अनूठी छटा देखने को मिली।
गुरु महिमा पाठ और सत्संग कीर्तन ने बांधा समां
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे गुरु महिमा पाठ के साथ हुआ। इसके पश्चात संतों एवं स्थानीय भजन मंडलियों द्वारा कबीर वाणी पर आधारित भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सत्संग कीर्तन रहा, जिसमें कबीर साहेब के साखियों एवं सबदों के माध्यम से सामाजिक समरसता, मानवता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया गया। श्रद्धालु कबीर वाणी सुनकर भाव-विभोर हो उठे और पूरे समय भक्ति रस में डूबे रहे।
कबीर के विचार आज भी प्रासंगिक : रानी सौरभ जैन
उत्सव में वार्ड पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रानी सौरभ जैन विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब ने समाज को अंधविश्वास, आडंबर और भेदभाव से दूर रहकर सच्चे मानव धर्म का मार्ग दिखाया। उनके विचार और दोहे आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि कबीर साहेब के विचार समाज में समरसता और एकता स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को जीवित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों से भी जोड़ते हैं।
हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल शरबत एवं पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई थी। सत्संग एवं भजन कार्यक्रम के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, शांति और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।




