
तिल्दा-नेवरा |
तिल्दा-नेवरा के नेवरा स्थित सतनामी पारा में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक कच्चे मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित एक अन्य मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में दो परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस कच्चे मकान में सबसे पहले आग लगी, वहां एक महिला अकेली रहती है। सतनामी पारा की घनी आबादी और मकानों के एक-दूसरे से जुड़े होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पड़ोस में रहने वाले पंपम टंडन के मकान तक पहुंच गई।
आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया। मोहल्लेवासियों ने बाल्टियों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर अल्ट्राटेक, सेंचुरी और अडानी समूह सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
घटना की जानकारी मिलते ही तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आगजनी की इस घटना में महिला का कच्चा मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि पड़ोसी मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।




