
तिल्दा-नेवरा | प्रकाश जोशी
महेश नवमी के पावन अवसर पर नेवरा में माहेश्वरी समाज द्वारा श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के साथ भव्य शोभायात्रा एवं बुजुर्ग सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ गोपाल मंदिर नेवरा से वैदिक मंत्रोच्चार एवं भगवान शिव की आरती के साथ किया गया। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों, आकर्षक झांकियों और भक्तिमय जयघोषों के बीच निकली शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
शोभायात्रा का समापन माहेश्वरी भवन परिसर में हुआ, जहां आयोजित सभा में महेश नवमी के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान शिव के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज में एकता, सेवा और सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाज के बुजुर्गों को पुष्पमाला, श्रीफल एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक परंपराओं से जोड़ना तथा बुजुर्गों के अनुभवों और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुनील माहेश्वरी (सिमगा) एवं अंशुल माहेश्वरी (भाटापारा) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्य द्वारकादास गांधी, अशोक राठी, शिवकरण गांधी, शरद डागा, रामनिवास राठी, संतोष भट्टा, योगेश गांधी, प्रमोद सोनी, निकेश लाहोटी, रवि गांधी, रतन गांधी, दीपक राठी, नरेश राठी, भारत राठी, कैलाश गांधी, देवव्रत, रामअवतार भट्टा, गिरधर राठी, नटवर गांधी, नीरज लाहोटी, विजय राठी, अनिल डागा, जयप्रकाश राठी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि महेश नवमी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, संस्कार और समाज को एक सूत्र में बांधने का पर्व है। सभी समाजजनों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




