
तिल्दा-नेवरा।
किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष सिन्हा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह टीका सरकारी अस्पताल तिल्दा-नेवरा में निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
डॉ. सिन्हा ने बताया कि यह विशेष टीकाकरण अभियान मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए चलाया जा रहा है। यह वैक्सीन एचपीवी के टाइप-16 और 18 से सुरक्षा देती है, जो सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण हैं। इसके साथ ही यह टाइप-6 और 11 से भी बचाव करती है।
उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से में होने वाला गंभीर रोग है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण है। धूम्रपान, कम उम्र में विवाह और गर्भधारण, बार-बार प्रसव तथा कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली इस बीमारी के जोखिम को बढ़ाते हैं।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के बीच समन्वय पर जोर दिया गया है। स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाकर किशोरियों और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है।
डॉ. सिन्हा ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि टीकाकरण से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि लाभार्थी किशोरी खाली पेट न हो। साथ ही, टीका लगाने से पूर्व अभिभावकों की ओटीपी आधारित या लिखित सहमति लेना अनिवार्य किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि अधिक से अधिक अभिभावक अपनी बेटियों को यह टीका लगवाकर उन्हें एक गंभीर बीमारी से सुरक्षित भविष्य दें।





