
भिलाई।
छत्तीसगढ़ की होनहार छात्रा शैनन मिंज ने अमेरिका के न्यूयॉर्क में आयोजित प्रतिष्ठित कैंप राइजिंग सन (CRS) लीडरशिप प्रोग्राम में भारत का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सोच के दम पर शैनन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सकारात्मक पहचान प्रस्तुत की।
शैनन, राकेश मिंज एवं मनीषा मिंज की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ओ.पी. जिंदल स्कूल, रायगढ़ से प्राप्त की और वर्तमान में दिल्ली पब्लिक स्कूल, भिलाई में कक्षा 10वीं की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें इस प्रतिष्ठित वैश्विक कार्यक्रम तक पहुंचाया।

न्यूयॉर्क में चार सप्ताह तक चले इस अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व कार्यक्रम में दुनिया के विभिन्न देशों से चयनित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान शैनन ने नेतृत्व विकास, टीम वर्क, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामुदायिक सेवा से जुड़े विभिन्न सत्रों एवं गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अनुभव ने उन्हें वैश्विक दृष्टिकोण, विविध संस्कृतियों की समझ और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति और अधिक जागरूक बनाया।
कार्यक्रम के दौरान शैनन ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के बीच प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, विभिन्न देशों के प्रतिभागियों के अनुभवों और विचारों से सीख लेकर उन्होंने अपने ज्ञान और व्यक्तित्व को भी समृद्ध किया।
कार्यक्रम के समापन के बाद 27 जुलाई को शैनन स्वदेश लौटीं। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचने पर परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उनका पुष्पगुच्छ एवं तालियों के साथ भव्य स्वागत किया। उनकी इस उपलब्धि पर सभी ने गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शैनन की सफलता पर उनके माता-पिता, शिक्षकों तथा ओ.पी. जिंदल स्कूल, रायगढ़ और दिल्ली पब्लिक स्कूल, भिलाई के प्रबंधन ने खुशी जताई। उनका मानना है कि यह उपलब्धि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट उदाहरण है तथा प्रदेश के विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।




