सायबर थाना जांजगीर की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा।
जांजगीर सायबर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 की रात नैला क्षेत्र के अनंत विहार में प्रार्थी सैयद अली के सूने मकान में घुसकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में सायबर टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में एक संदिग्ध सफेद कार (वर्ना) नजर आई, जिसके आधार पर तकनीकी जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने बिलासपुर और नांदघाट क्षेत्र में दबिश देकर पहले आरोपी राजेश पटेल को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथी पप्पू पटेल और प्रकाश जावरे के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद टीम ने मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के उकवा गांव में दबिश देकर अन्य दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले दिन में मकानों की रेकी करते थे और रात में सुनसान घरों को निशाना बनाते थे। चोरी के लिए खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में घुसते और अलमारी तोड़कर जेवर व नकदी ले जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार (कीमत करीब 2 लाख रुपये), तीन मोबाइल, नगदी 5 हजार रुपये, सोने की बाली और चांदी के आभूषण सहित कुल 2.30 लाख रुपये का माल बरामद किया है। चोरी के जेवर खरीदने वाला सोनार फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने नैला क्षेत्र के अलावा जांजगीर और मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में भी कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है और आगे की कार्रवाई जारी है।





