
तिल्दा-नेवरा।
ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवाकेंद्र द्वारा भारत सरकार के न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से संचालित “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान” का तिल्दा क्षेत्र में गुरुवार को भव्य शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमा पैकरा, नगर पालिका तिल्दा के सीएमओ अमिताभ शर्मा, समाजसेवी अनिल अग्रवाल, अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष नीलम अग्रवाल एवं पार्षद रानी सौरभ जैन सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा की संचालिका बीके प्रियंका ने कहा कि आज का युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहा है, जो समाज और राष्ट्र दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि देश में प्रतिदिन लगभग 5,500 किशोर (13 से 18 वर्ष आयु वर्ग) किसी न किसी प्रकार के नशे की शुरुआत करते हैं, जबकि तंबाकू सेवन से प्रतिदिन करीब 3,700 लोगों की मृत्यु होती है। उन्होंने कहा कि नशा राष्ट्र के विकास की नींव को कमजोर करता है और इसका स्थायी समाधान केवल आत्मशक्तिकरण एवं राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने दावा किया कि राजयोग के माध्यम से नशा छोड़ने वाले लगभग 97 प्रतिशत लोग दोबारा नशे की ओर नहीं लौटते।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमा पैकरा ने कहा कि वे नियमित रूप से नशे की लत से पीड़ित लोगों की काउंसलिंग करती हैं और उनके अनुभव में आध्यात्मिकता व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम है।
नगर पालिका तिल्दा के सीएमओ अमिताभ शर्मा ने कहा कि नशा मुक्ति की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक नशामुक्त रहने का संकल्प ले, तो समाज में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

समाजसेविका नीलम अग्रवाल ने कहा कि किसी भी चीज़ की अति ही नशा बन जाती है, जिसकी शुरुआत अक्सर अकेलेपन और अवसाद से होती है। ऐसे लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देकर जीवन की नई दिशा दी जा सकती है।
समाजसेवी अनिल अग्रवाल ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं से आजीवन नशामुक्त रहने का आह्वान किया तथा तिल्दा क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ के प्रयासों की सराहना की। वहीं पार्षद रानी सौरभ जैन ने अभियान से जुड़ने को सौभाग्य बताया और इसके शुभारंभ के लिए मंत्री टंकराम वर्मा का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से नशे की लत छोड़ चुके नशामुक्त वीरों का सम्मान किया गया। साथ ही उपस्थित सभी नागरिकों को नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई गई।




