हाथ-पैर बांधे… गले में कसा कपड़ा, iPhone के लिए ‘दादा’ की हत्या! 13 साल की लड़की ने रची खौफनाक साजिश
Kerala Murder: हाथ-पैर बांधे, गले में कपड़ा कसा... iPhone के लिए 65 साल के रिश्तेदार की हत्या का आरोप, 13 साल की किशोरी हिरासत में
अलप्पुझा। केरल के अलप्पुझा जिले से हत्या का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। करुवट्टा इलाके में 65 वर्षीय रिश्तेदार की हत्या की साजिश रचने के आरोप में 13 साल की किशोरी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में तीन अन्य नाबालिग लड़के भी शामिल थे। शुरुआती जांच में महंगे गैजेट्स और बाइक खरीदने के लिए सोना और नकदी लूटने की साजिश की बात सामने आई है।
मृतक की पहचान शिवनकुट्टी चेट्टियार के रूप में बताई गई है। वह करुवट्टा स्थित किराए के मकान में रहते थे। पुलिस के मुताबिक, किशोरी भी उनके साथ उसी मकान में रह रही थी। पुलिस ने फिलहाल किशोरी और अन्य नाबालिग आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
घर में अकेले थे 65 वर्षीय शख्स
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात की है। उस समय मृतक की पत्नी और बेटी अस्पताल गई हुई थीं और वह घर में अकेले थे। आरोप है कि किशोरी ने इसी मौके का फायदा उठाते हुए कोल्लम से अपने तीन दोस्तों को घर बुलाया और उन्हें बताया कि उस समय घर में कोई और मौजूद नहीं होगा।
तीनों नाबालिग रात करीब 9 बजे के बाद घर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए पहले से तैयारी कर रखी थी और मोबाइल फोन भी साथ नहीं लाए थे।
चादर से हाथ-पैर बांधे, गले में कसा कपड़ा
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले 65 वर्षीय व्यक्ति के हाथ-पैर चादर और कपड़ों से बांधे। इसके बाद कथित तौर पर उनके गले में कपड़ा कस दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपियों ने बेडरूम की अलमारी तोड़ी और कथित तौर पर वहां से सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि इस पूरी साजिश के पीछे महंगे सामान हासिल करने की इच्छा भी थी। शुरुआती जांच में किशोरी के लिए महंगा iPhone और लड़कों के लिए महंगी बाइक खरीदने की योजना की बात सामने आई है।
जांच को भटकाने के लिए घर में मिर्च पाउडर
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जांच को गुमराह करने की कोशिश भी की। हत्या के बाद कथित तौर पर घर के फर्श और दरवाजों के आसपास मिर्च पाउडर बिखेरा गया, ताकि जांचकर्ताओं को सुराग हासिल करने में परेशानी हो।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वारदात का वीडियो बनाया गया था और क्या आरोपियों ने उसे किशोरी को दिखाया था।
शव मिलने के बाद पुलिस को हुआ शक
सोमवार सुबह किराए के मकान से शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय किशोरी भी वहां मौजूद थी। पुलिस के अनुसार, खून से सने घटनास्थल के बावजूद किशोरी बार-बार स्कूल जाकर परीक्षा देने की बात कह रही थी। उसके असामान्य व्यवहार ने जांच अधिकारियों का ध्यान खींचा।
इसके बाद एक महिला सर्किल इंस्पेक्टर ने किशोरी से गहन पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान किशोरी ने वारदात की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की।
ड्रग्स एंगल की भी जांच
पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं आरोपियों के बीच नशीले पदार्थों का इस्तेमाल या किसी बड़े ड्रग नेटवर्क का प्रभाव तो नहीं था।
फिलहाल किशोरी और तीनों नाबालिग लड़कों की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस हत्या, लूट और साजिश से जुड़े सभी पहलुओं को जोड़ने में जुटी है।




