
तिल्दा-नेवरा। सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय कोहका-नेवरा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए दीक्षारंभ समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की कार्यप्रणाली, महाविद्यालयीन अनुशासन, नियमों तथा शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के अवसरों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रकला खुमान वर्मा, सांसद प्रतिनिधि रायपुर जिला एवं भाजपा नेता अनिल अग्रवाल तथा सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता राम पंजवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने नव-प्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
चंद्रकला वर्मा ने कहा—आज से जीवन के नए अध्याय की शुरुआत
नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रकला खुमान वर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि दीक्षारंभ समारोह उनके जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि स्कूल के अनुशासन से निकलकर विद्यार्थी अब उच्च शिक्षा के ऐसे दौर में प्रवेश कर रहे हैं, जहां उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। यहां उन्हें नए मित्र, गुरु और सीखने के अनेक अवसर मिलेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से नए वातावरण से घबराने के बजाय सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि प्राचार्य, शिक्षक एवं वरिष्ठ विद्यार्थी हर कदम पर उनका मार्गदर्शन करेंगे।
सकारात्मक ऊर्जा के साथ लक्ष्य निर्धारित करें : अनिल अग्रवाल
भाजपा नेता अनिल अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि युवावस्था ऊर्जा और संभावनाओं से भरा समय है। विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
राम पंजवानी ने भी नव-प्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को जीवन में सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मंच पर नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रकला खुमान वर्मा, अनिल अग्रवाल, राम पंजवानी, कोहका सरपंच तेजराम वर्मा, उद्योगपति नीरज अग्रवाल सहित अतिथि राजेंद्र वर्मा, गौरव अग्रवाल एवं अलख साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एल. वर्मा ने की, जबकि समन्वयक की भूमिका डॉ. जावेद के. शाह ने निभाई।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर प्राचार्य ने डाला प्रकाश
प्राचार्य डॉ. एम. एल. वर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी और कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय की पाबंदी और जिम्मेदारी के साथ महाविद्यालयीन जीवन का सदुपयोग करने की सीख दी।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संगीता बंजारे ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. आशीष कुमार आसटकर ने किया। समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में नव-प्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।




