CG AD
AD
publicछत्तीसगढ़रायपुर

यादव ठेठवार समाज में बजा चुनावी बिगुल, 2 अक्टूबर को होगा राजिम महासभा का मतदान

अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए होगा चुनाव; 20 सितंबर को नामांकन व नाम वापसी

तिल्दा-नेवरा/राजिम। यादव ठेठवार समाज राजिम महासभा की अंतिम कार्यकारिणी बैठक बुधवार, 26 अगस्त 2026 को जिला गरियाबंद स्थित महासभा मुख्यालय राजिम में आयोजित हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ के विभिन्न उपमहासभा, राज, जिला, पार एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारी शामिल हुए। महासभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी लूलचंद यदु, खल्लारी राज के साथ सहायक निर्वाचन अधिकारियों के रूप में गजानंद यदु, रायपुर राज; सोमकांत यादव, कौड़िया राज; कन्हैया यदु, छुरा राज तथा नरेश यादव, राजिम राज को जिम्मेदारी सौंपी गई।

 

तीन प्रमुख पदों पर होगा चुनाव

 

राजिम महासभा के चुनाव में मुख्य रूप से अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन होगा। निर्वाचन अधिकारियों ने बैठक में चुनाव की तिथियों, नियमों, मताधिकार एवं नामांकन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी पदाधिकारियों को दी।

 

6 सितंबर तक जमा होगी मतदाता सूची

 

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सभी राज, पार, नगर इकाई, जिला एवं उपमहासभा अपने-अपने क्षेत्र के मतदाताओं की सूची तैयार कर महासभा के निर्वाचन अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे। सूची में मतदाता का नाम, पद एवं मोबाइल नंबर सहित जानकारी संबंधित इकाई के लेटरपैड पर भेजना अनिवार्य होगा। मतदाता सूची भेजने की अंतिम तिथि 6 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

 

मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावा-आपत्ति आमंत्रित की जाएगी। दावा-आपत्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी। अंतिम सूची के आधार पर निर्धारित पदाधिकारी को एक मत देने का अधिकार रहेगा।

 

20 सितंबर को नामांकन, 2 अक्टूबर को मतदान

 

चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर 2026 को नामांकन एवं नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 2 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। इसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की जानकारी दी गई है।

 

इस बार चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को नामांकन के समय अपने संबंधित राज एवं पार क्षेत्र से लेटरपैड पर अपनी सदस्यता संबंधी जानकारी प्रस्तुत करनी होगी। निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद ही नामांकन एवं मताधिकार संबंधी प्रक्रिया मान्य होगी।

 

विभिन्न इकाइयों को निर्धारित मताधिकार

 

चुनाव प्रक्रिया में उपमहासभा, राज, जिला, पार, नगर इकाइयों सहित प्रांतीय महिला एवं युवा प्रकोष्ठों के लिए नियमावली के अनुसार निर्धारित मतों की व्यवस्था की गई है। निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव राजिम महासभा नियमावली के भाग-1, पृष्ठ क्रमांक 38 में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।

 

निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही यादव ठेठवार समाज में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाज के पदाधिकारियों एवं सामाजिक बंधुओं से अपने-अपने राज एवं पार क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने की अपील की गई है।

Mr. Prakash Joshi

प्रकाश जोशी पिछले 6 सालों से RVKD News चला रहे हैं और इसी नाम से यूट्यूब चैनल भी संचालित कर रहे हैं। इसके माध्यम से लगातार जनता की समस्याएँ प्रशासन तक पहुँचा रहे हैं और शासन की योजनाएँ जनता तक पहुँचा रहे हैं। 📍 तिल्दा-नेवरा, रायपुर (छत्तीसगढ़) 📞 मोबाइल: 8770564196

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!