कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तालाब में नहाने गए दो मासूम चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों दूसरी कक्षा के छात्र थे। घटना ने पूरे गांव को गम में डूबा दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उड़कुड़ा गांव में हुआ हादसा
मामला चारामा थाना क्षेत्र के उड़कुड़ा गांव का है। यहां 6 वर्षीय लोमेश जुर्री और आयुष जुर्री रविवार को छुट्टी होने के कारण खेलते-खेलते गांव के तालाब के पास पहुंच गए। उनके साथ एक तीसरा बच्चा भी था, जो किनारे खड़ा था। लोमेश और आयुष पानी में उतरकर नहाने लगे, लेकिन खेलते-खेलते गहरे हिस्से में चले गए और डूब गए।
बचाव की कोशिशें नाकाम
कुछ देर बाद दोनों बच्चों को बाहर न आते देख किनारे खड़े बच्चे ने रोना शुरू कर दिया। उसकी चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बच्चों को तालाब से बाहर निकाला। सूचना पर चारामा थाना पुलिस भी पहुंची। बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम
दो मासूमों की मौत की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजन लगातार रोते-बिलखते रहे और पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर से बच्चों की सुरक्षा और तालाबों के आसपास सतर्कता बरतने की आवश्यकता को याद दिलाता है।




