
भाटापारा/बलौदाबाजार।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भाटापारा क्षेत्र के निपानिया के पास बकुलाही स्थित रियल इस्पात पावर प्लांट में गुरुवार सुबह अचानक बॉयलर फट गया। इस भीषण हादसे में 6 से अधिक मजदूरों की मौत की खबर है, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के वक्त मजदूर प्लांट में काम कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि प्लांट की एक यूनिट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों ओर मलबे का ढेर लग गया। हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। घायलों को कंपनी की एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल मृत मजदूरों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में बॉयलर में तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के बाद अब तक प्लांट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस घटना पर छत्तीसगढ़ सरकार ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा भी की गई है।




