नई दिल्ली। DEFENCE NEWS: भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी 16 से 19 फरवरी तक ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे, जहां उनका मुख्य फोकस भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग को और मजबूत करना और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देना होगा।
इस दौरान वह ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बलों के शीर्ष नेतृत्व के साथ ट्रेनिंग, जॉइंट मिलिट्री एक्सरसाइज और कैपेसिटी बिल्डिंग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। सिडनी में जनरल द्विवेदी फोर्सेज कमांड (FORCOMD), स्पेशल ऑपरेशंस कमांड (SOCOMD) और सेकेंड डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे, जिसकी टुकड़ियां भारत के साथ ‘AUSTRAHIND’ सैन्य अभ्यास में नियमित रूप से भाग लेती हैं और इसका अगला संस्करण 2026 में भारत में प्रस्तावित है।
कैनबरा पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और उनकी मुलाकात ऑस्ट्रेलियाई सेना प्रमुख साइमन स्टुअर्ट से होगी, जो यूएस आर्मी वॉर कॉलेज 2015 बैच के उनके समकालीन रहे हैं। रक्षा मुख्यालय में आधुनिकीकरण और भविष्य की सैन्य क्षमताओं पर राउंडटेबल चर्चा के अलावा, वह ऑस्ट्रेलियन डिफेंस कॉलेज और कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में भी संवाद करेंगे।
साथ ही चीफ ऑफ डिफेंस फोर्स और रक्षा विभाग के सचिव से मुलाकात कर जॉइंट ऑपरेशंस कमांड मुख्यालय का दौरा करेंगे। जनरल द्विवेदी ऑस्ट्रेलियन वॉर मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। यह दौरा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




