जांजगीर-चांपा में 8.45 करोड़ की शेयर मार्केट ठगी, आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार
शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8 करोड़ 45 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले में प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा सक्ती, ने 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में उसकी पहचान कोलकाता निवासी आरोपी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश पर प्रति माह 5 प्रतिशत ब्याज का लालच दिया। साथ ही अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का प्रलोभन भी दिया।
प्रार्थी और अन्य लोगों ने आरोपी के झांसे में आकर नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी एवं चेक के माध्यम से कुल 8,45,00,000 रुपये निवेश किए। शुरुआती महीनों में कुछ लोगों को ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में आरोपी टालमटोल करने लगा और कंपनी में घाटे का बहाना बनाकर पैसा लौटाने से बचता रहा।
रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 35/26 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी को ईटला पोडा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम से एक क्रेटा कार, सोना खरीदने, घर का रंग-रोगन कराने और रकम बैंक में रखने की बात स्वीकार की।
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से –
एक क्रेटा कार
12 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक
09 डेबिट कार्ड
08 क्रेडिट कार्ड
पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस
03 महंगे मोबाइल फोन
30,000 रुपये नगद
बरामद कर जप्त किए हैं।
आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित पुलिस टीम और साइबर सेल का सराहनीय योगदान रहा।




