
जशपुर।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तपकरा क्षेत्र में पुलिस ने एक सिल्वर रंग की हुंडई वरना कार से 67 किलो 135 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ और कार सहित कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक सिल्वर हुंडई वरना (क्रमांक DL-8C-AX-8014) में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लावाकेरा बैरियर पर नाकाबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई।
संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर डिक्की में स्टेपनी की जगह छिपाकर रखी गई प्लास्टिक बोरी से 65 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 67 किलो 135 ग्राम पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमन कुमार हिमांशु (36 वर्ष), निवासी मंडईडीह, थाना पातेपुर, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पहचान कुछ माह पूर्व हाजीपुर (बिहार) में एक महिला से हुई थी। महिला के कहने पर वह संबलपुर (उड़ीसा) से गांजा लेकर बिहार जा रहा था। रास्ते में महिला उड़ीसा में उतर गई और आरोपी को गांजा पटना पहुंचाने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर संदिग्ध महिला की पहचान कर ली है और उसकी तलाश जारी है।
🔹 जप्त सामग्री:
67 किलो 135 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹33.50 लाख)
हुंडई वरना कार (कीमत लगभग ₹6.50 लाख)
2 मोबाइल फोन
आरोपी के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




