
रायपुर:
राजधानी रायपुर में नारी शक्ति वंदन के समर्थन को लेकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के नेतृत्व में महिला प्रतिनिधियों के एक दल ने विधानसभा स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया।
ऐतिहासिक पहल बताया
प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में पारित शासकीय संकल्प को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाली है।
CM साय ने क्या कहा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज में समानता और न्याय को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
महिलाओं की भागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं विकास यात्रा की मजबूत भागीदार हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिला प्रतिनिधिमंडल का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।




