
तिल्दा-नेवरा।
तिल्दा शहर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा आयोजित निःशुल्क समर कैम्प का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ किया गया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में तिल्दा स्वास्थ्य केंद्र की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. उमा पैकरा उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जेबी स्कूल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर भ्राता श्रीकांत अग्रवाल शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर बीके प्रियंका दीदी ने सभी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और कैम्प की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कैम्प के दौरान बच्चों के लिए रोचक गतिविधियाँ, मनोरंजक खेल, मोटिवेशनल सत्र और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास हो सके।
पहले दिन का मुख्य सत्र “बीकम द एजेंट ऑफ चेंज” विषय पर आधारित रहा। इस सत्र में बच्चों को उनके वास्तविक स्वरूप से परिचित कराया गया। उन्हें समझाया गया कि नाम, जाति, धर्म या पद ही उनकी पहचान नहीं है, बल्कि वे एक चेतन ऊर्जा—एक चमकता हुआ सितारा यानी आत्मा हैं। सरल उदाहरणों के माध्यम से आत्मा और शरीर के संबंध को समझाया गया, साथ ही मन, बुद्धि और संस्कार को आत्मा के कार्य करने के प्रमुख आधार के रूप में बताया गया।
बीके प्रियंका दीदी ने बच्चों को ‘स्व-उन्नति प्रोग्रेस चार्ट’ के बारे में भी जानकारी दी, जिसके माध्यम से बच्चे अपनी दैनिक दिनचर्या का मूल्यांकन करेंगे और अभिभावकों से हस्ताक्षर प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वार्म-अप एक्सरसाइज के रूप में डॉ. सोनी द्वारा बच्चों को हल्के-फुल्के व्यायाम कराए गए। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह और सक्रिय सहभागिता देखने लायक रही।
यह समर कैम्प बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला साबित होगा।




