
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो बच्चों और एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। घायल बच्ची का उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4:30 बजे क्षेत्र में मौसम अचानक बदल गया। तेज हवा और गरज-चमक के बीच गांव के स्कूल मैदान में लगे आम के पेड़ से गिरे आम बीनने के लिए कुछ बच्चे पहुंचे थे। उसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में वहां मौजूद बच्चे आ गए। पास ही मवेशी चरा रहा एक युवक भी इसकी चपेट में आ गया।
हादसे में 5 वर्षीय मासूम, कक्षा 9वीं में अध्ययनरत एक छात्रा तथा मवेशी चरा रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 5 वर्षीय बच्चे की बड़ी बहन गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बारिश और आंधी-तूफान के मौसम में प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




