Uncategorized

बाहर खाना खाने से पहले सावधान! कहीं आप भी तो नहीं जाते यहां, 73 रेस्टोरेंट्स पर बड़ी कार्रवाई

कहीं आप भी तो यहां खाना नहीं खाते? यूपी के रेस्टोरेंट्स में चूहे-कॉकरोच, 73 फूड लाइसेंस सस्पेंड

Food Department Action: उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के दौरान कई चौंकाने वाली लापरवाहियां सामने आई हैं। जांच में कहीं किचन में चूहे और कॉकरोच मिले तो कहीं एक्सपायर्ड और खराब खाद्य सामग्री स्टोर की गई थी। गंभीर कमियां मिलने पर 73 प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस निलंबित किए गए।

एफएसडीए की टीमों ने लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई शहरों में रेस्टोरेंट और होटल की जांच की। इस दौरान किचन और स्टोरेज एरिया में गंदगी, खुली नालियां, कीड़े-मकौड़ों से बचाव की व्यवस्था नहीं होना और कर्मचारियों की साफ-सफाई में लापरवाही जैसी कमियां मिलीं।

किचन और स्टोरेज में मिली बड़ी लापरवाही

जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों के किचन और स्टोरेज एरिया की हालत खराब मिली। कुछ जगहों पर चूहे और कॉकरोच पाए गए। वहीं कई स्थानों पर खाद्य सामग्री को सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया था।

सबसे गंभीर मामला उन प्रतिष्ठानों का रहा, जहां सड़ा-गला और एक्सपायर्ड सामान मिला। विभाग ने ऐसी लापरवाही को खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानते हुए कार्रवाई की।

सुधार के बाद 56 लाइसेंस बहाल

एफएसडीए ने कार्रवाई के साथ प्रतिष्ठानों को अपनी कमियां सुधारने का मौका भी दिया। लाइसेंस निलंबित होने के बाद संबंधित कारोबारियों ने सफाई, पेस्ट कंट्रोल और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में सुधार किया।

इसके बाद प्रतिष्ठानों की दोबारा जांच की गई। व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर 73 में से 56 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस बहाल कर दिए गए हैं।

दोबारा एक्सपायर्ड सामान मिला तो लाइसेंस रद्द

विभाग ने एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को लेकर सख्त चेतावनी दी है। संबंधित प्रतिष्ठानों से लिखित शपथ पत्र भी लिया गया है। दोबारा ऐसी लापरवाही मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।

ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने वाले ग्राहकों के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि खाना फ्रोजन है, पहले से तैयार है या ऑर्डर के बाद ताजा बनाया गया है।

बड़े ब्रांड्स की भी हुई जांच

अभियान के दौरान बीकानेरवाला, चंपारण मीट, क्लब जलवा, रेबेल फूड्स, टुंडे कबाबी, न्यू कृष्णा भोजनालय, रमाडा होटल और ला पिनोज पिज्जा जैसे प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई।

विभाग का कहना है कि खाद्य कारोबार में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है। नियमों में लापरवाही मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!