छत्तीसगढ़रायपुरहादसा

रायपुर में सांड का आतंक, 15 लोगों को मारी टक्कर

बच्चे को गोद में लिए बुजुर्ग पर किया हमला, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष कल्पना पटेल भी घायल; ट्रैंक्विलाइजर से काबू में आया सांड

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर क्षेत्र में एक आक्रामक सांड ने जमकर उत्पात मचाया। अलग-अलग इलाकों में सांड ने सड़क पर मौजूद करीब 15 लोगों को अपना निशाना बनाया। घटना में पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष कल्पना पटेल सहित कई लोग घायल हुए हैं। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सांड सड़क पर खड़े एक बुजुर्ग पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है।

बताया गया कि बुजुर्ग देवनारायण शर्मा अपने करीब एक वर्षीय पोते को गोद में लेकर घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले से बुजुर्ग संभल नहीं पाए और सांड ने उन्हें दौड़ाकर कई बार टक्कर मारी। घायल देवनारायण शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि बाद में उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

कल्पना पटेल समेत 15 लोग घायल

जानकारी के अनुसार सांड ने कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर क्षेत्र में लोगों पर हमला किया। इस दौरान पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष कल्पना पटेल समेत करीब 15 लोगों को चोटें आईं। कल्पना पटेल को उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद उन्हें भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा। लोगों ने प्रशासन से आवारा और आक्रामक मवेशियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

दो महीने पहले कुत्ते के काटने की बात

गौ सेवकों के मुताबिक, इस सांड को करीब दो महीने पहले एक कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने की बात कही जा रही है। सांड के आक्रामक होने के पीछे रेबीज संक्रमण की आशंका भी जताई गई है। हालांकि इसकी चिकित्सकीय पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।

काउ कैचर से नहीं पकड़ा जा सका

सांड के हमले की सूचना मिलने के बाद नगर निगम के जोन क्रमांक-5 की टीम काउ कैचर लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने काफी प्रयास किया, लेकिन आक्रामक सांड को पकड़ने में सफलता नहीं मिली। स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने वन विभाग से सहायता मांगी।

इसके बाद वन विभाग-जंगल सफारी की टीम और भाठागांव पशु चिकित्सालय के डॉक्टर दिनेश पटेल मौके पर पहुंचे। टीम ने ट्रैंक्विलाइजर गन की मदद से सांड को बेहोश किया और सुरक्षित रूप से उसे काबू में लिया।

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

घटना को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या और घटना को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने इसे क्षेत्र की व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति बताया।

फिलहाल सांड को सुरक्षित तरीके से काबू में लिए जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा और आक्रामक मवेशियों की समस्या तथा उनकी निगरानी और व्यवस्थापन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!