छत्तीसगढ़तिल्दा नेवरारायपुर

जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल को मिला प्रतिष्ठित ‘ब्लूम एजुकेशन चेंज मेकर अवॉर्ड 2026’

छोटे शहर की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के प्रयासों को मिला सम्मान, रायपुर में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने प्रधानाचार्या ममता ऐरी को प्रदान किया अवॉर्ड

तिल्दा-नेवरा। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों को लेकर तिल्दा के प्रतिष्ठित जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल को ‘ब्लूम एजुकेशन चेंज मेकर अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है।

राजधानी रायपुर के होटल बेबीलोन में आयोजित गरिमामय समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ममता ऐरी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। समारोह में प्रदेशभर से आए वरिष्ठ शिक्षाविदों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

छोटे शहर से देश के शीर्ष संस्थानों तक पहुंची प्रतिभाएं

जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल ने अपनी लगभग दस वर्षों की शैक्षणिक यात्रा में यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, अनुशासन, आधुनिक संसाधन और सकारात्मक वातावरण मिलने पर छोटे शहरों के विद्यार्थी भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी जगह बना सकते हैं।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने आईआईटी दिल्ली, एमबीबीएस के लिए नीट, श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC), चार्टर्ड एकाउंटेंसी (CA) और जेईई जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार ये उपलब्धियां केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि तिल्दा के विद्यार्थियों में बढ़ते आत्मविश्वास और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता का प्रमाण हैं।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भूगोल की मोहताज नहीं

विद्यालय का मानना है कि किसी बच्चे की प्रतिभा उसके शहर या जन्मस्थान से निर्धारित नहीं होती। इसी सोच के साथ तिल्दा में ऐसा शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का प्रयास किया गया, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसरों के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम हो।

विद्यालय में बालिकाओं के सशक्तीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया है। छात्राओं को शिक्षा के साथ नेतृत्व, अभिव्यक्ति, प्रतियोगिताओं और विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

अंक ही नहीं, समग्र व्यक्तित्व निर्माण पर जोर

‘ब्लूम एजुकेशन चेंज मेकर अवॉर्ड’ के लिए विद्यालय के चयन में केवल परीक्षा परिणामों को आधार नहीं बनाया गया। समग्र विकास, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवाचार, नेतृत्व क्षमता, मूल्य शिक्षा, अभिभावकों के साथ बेहतर समन्वय और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया गया।

विद्यालय में बदलते शिक्षा परिदृश्य के अनुरूप डिजिटल संसाधनों, नई तकनीक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही पारंपरिक मूल्यों और आधुनिक तकनीक के बीच संतुलन बनाकर विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

‘यह सम्मान अभिभावकों के विश्वास की जीत’

सम्मान मिलने पर प्रधानाचार्या ममता ऐरी ने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक संस्था या व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन सभी अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का है, जिन्होंने विद्यालय पर विश्वास किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यालय को शिक्षा को और अधिक आधुनिक, मानवीय और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए नई ऊर्जा देगा।

गौरतलब है कि जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल को इससे पहले हैदराबाद में ‘टॉप 500 स्कूल ऑफ इंडिया अवॉर्ड’ तथा फिनलैंड में ‘एक्सीलेंस ऑफ एजुकेशन लीडरशिप इंटरनेशनल अवार्ड’ जैसे सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं।

विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि आने वाले वर्षों में भी शिक्षा को अधिक विद्यार्थी-केंद्रित, मूल्यपरक और आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा, ताकि तिल्दा की नई पीढ़ी बड़े सपने देखे और उन्हें साकार करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाए।

जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल की इस उपलब्धि पर अभिभावकों, विद्यार्थियों और तिल्दा क्षेत्र के नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!