
रायपुर।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय जे. एन. पाण्डेय हायर सेकेंडरी स्कूल, रायपुर में शुक्रवार 12 दिसंबर 2025 को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में जिलेभर के युवाओं ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति से जुड़ी विभिन्न विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत समूहगान, एकल गान, पेंटिंग, नाटक, कविता पाठ, समूह नृत्य, एकल नृत्य एवं छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नियमानुसार प्रत्येक प्रतिभागी को केवल एक ही विधा में भाग लेने का अवसर दिया गया।
जिला युवा महोत्सव में ग्राम निनवा की पंडवानी गायिका कु. दुर्गा साहू ने अपने गुरु निर्मल साहू (शिक्षक) के मार्गदर्शन में समूह गान विधा में भाग लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है।

प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को विधायक सुनील सोनी एवं जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे। वहीं राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 12 जनवरी को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच गोविंद सारंग, उपसरपंच प्रकाश जेठी, पंच सुधीर नायक एवं युवा पंचों ने कु. दुर्गा साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



