
रोहतास (बिहार) |
बिहार के रोहतास जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डेहरी नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के न्यू एरिया में कूड़े के ढेर पर पड़े एक लाल रंग के ट्रॉली बैग से तेज दुर्गंध फैल रही थी। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैग को खुलवाया, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
सूटकेस के भीतर एक युवती का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया, जिसे रस्सियों से बांधकर रखा गया था। प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान मेहरूम खातून, निवासी चंदौली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जिसकी शादी डेहरी क्षेत्र में हुई थी।
बच्चों ने देखा बैग, बदबू से हुआ खुलासा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन रोड सब्जी मंडी के पास कुछ बच्चे कूड़ा बीन रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक भारी ट्रॉली बैग पर पड़ी, जिससे असहनीय बदबू आ रही थी। शक होने पर बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
स्थानीय नागरिकों ने तत्काल डेहरी नगर थाना को सूचना दी। कुछ ही समय में 112 पुलिस टीम एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बैग की जांच की गई।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही इस जघन्य घटना का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।



