
नई दिल्ली। Crime News: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में महज 150 रुपये के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। 23 वर्षीय पारस की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को तिलक नगर थाने में एक युवती ने फोन कर सूचना दी कि उसके भाई पारस पर चाकू से हमला किया गया है और उसे गंभीर हालत में दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल ले जाया गया है। इलाज के दौरान पारस ने दम तोड़ दिया। उसके शरीर पर पीठ और बाईं जांघ में गंभीर चाकू के घाव पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर चौखंडी के बी-ब्लॉक स्थित एक पार्क से 15 और 16 वर्ष के तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब 40-45 दिन पहले पारस ने उनमें से एक किशोर से 150 रुपये लिए थे और बार-बार मांगने के बावजूद पैसे वापस नहीं किए थे। इसी बात को लेकर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। झगड़ा बढ़ने पर एक नाबालिग ने कथित तौर पर पारस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
दिल्ली पुलिस ने तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।



