
राजिम/गरियाबंद।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मंगलवार को गरियाबंद जिले में 283 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। राजिम के नवीन मेला मैदान (चौबेबांधा) में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजिम विधायक रोहित साहू ने की।
प्रदेशभर में मंगलवार को कुल 6414 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जिसमें गरियाबंद जिले के 283 जोड़े शामिल रहे।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े
इस आयोजन में राजिम विधानसभा क्षेत्र के 94, बिन्द्रानवागढ़ के 181 और कुरूद विधानसभा क्षेत्र के 8 जोड़े शामिल हुए।
प्रति जोड़ा 50 हजार रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर 50 हजार रुपये व्यय किए जाते हैं। इसमें 35 हजार रुपये वधु के बैंक खाते में जमा किए जाते हैं, 7 हजार रुपये श्रृंगार सामग्री के लिए और 8 हजार रुपये आयोजन व व्यवस्था मद में खर्च किए जाते हैं।
मंत्री ने दी शुभकामनाएं
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है। बेटी के विवाह को लेकर परिवारों की चिंता और सपनों को साकार करने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता से परिवार अपनी बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न करा पा रहे हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग का आभार जताया।
विधायक ने बताया संवेदनशील पहल
राजिम विधायक रोहित साहू ने इस योजना को सरकार की संवेदनशील सोच और जनकल्याणकारी भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।




