CRIME NEWS: दहेज की भूख ने बुझा दी एक और जिंदगी, नवविवाहिता की आत्महत्या मामले में पति, सास और ससुर गिरफ्तार
दहेज की आग ने ली नवविवाहिता की जान
जांजगीर-चांपा जिले से दहेज प्रताड़ना का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज की मांग और लगातार मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर एक नवविवाहिता ने अपनी जान दे दी, जिसके बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति समेत सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम नरियरा निवासी जागृति श्रीवास का विवाह वर्ष 2024 में महेश श्रीवास के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद से ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर उस पर दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि पति महेश श्रीवास द्वारा आए दिन मारपीट की जाती थी,
वहीं सास राजकुमारी और ससुर अशोक श्रीवास भी उसे लगातार गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना का शिकार बनाते थे। परिजनों के अनुसार दहेज की मांग पूरी न होने से जागृति पूरी तरह टूट चुकी थी और इसी प्रताड़ना से परेशान होकर 8 दिसंबर 2025 को उसने घर में रखे कीटनाशक जहर का सेवन कर लिया।
हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और मृतका के परिजनों के बयान, साक्ष्य और जांच के आधार पर पति महेश श्रीवास, सास राजकुमारी और ससुर अशोक श्रीवास के खिलाफ बीएनएस की धारा 80 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर दहेज जैसी सामाजिक कुरीति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और इलाके में आक्रोश का माहौल है।




