
आरंग/रायपुर। रायपुर के नजदीकी क्षेत्र आरंग में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब वार्ड नंबर 2 स्थित साहू पारा में कुछ हुड़दंगियों ने 18 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामनगर चौक निवासी नीरज लोधी के रूप में हुई है। नीरज अपने घर का इकलौता चिराग था। उसकी मौत के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
बाइक से घुमने निकला था, बीच रास्ते रोका
जानकारी के अनुसार, नीरज होली के दिन अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर घूमने निकला था। जैसे ही वे साहू पारा पहुंचे, वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने नीरज को चलती बाइक से नीचे गिरा दिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। नीरज के साथ मौजूद दोनों दोस्त जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहे।
तीन गहरे घाव, सिर पर भी गंभीर चोट
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नीरज के शरीर पर चाकू के तीन गहरे घाव मिले हैं। इसके अलावा सिर पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इलाके में तनाव, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद साहू पारा और आसपास के इलाकों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है।
आरोपी फरार, तलाश जारी
आरंग पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नीरज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पूरी तरह सदमे में है। रामनगर चौक स्थित उसके घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।




