
तिल्दा-नेवरा।
संसद में महिला आरक्षण बिल के विरोध को लेकर तिल्दा-नेवरा में भाजपा महिला मोर्चा और भाजपा युवा मोर्चा ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दीनदयाल चौक पर एकत्रित होकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आक्रोश जताया और उनका पुतला फूंका। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष रानी सौरभ जैन एवं उनकी टीम की महिलाओं ने किया। वहीं, भाजपा युवा मोर्चा के शहर अध्यक्ष दीपक वर्मा और उनकी टीम भी बड़ी संख्या में मौजूद रही। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर कांग्रेस विरोधी नारे लगाए और महिला आरक्षण बिल के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा रायपुर ग्रामीण जिला की महामंत्री स्वाति वर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक महिला आरक्षण बिल को लंबित रखा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने इसे कांग्रेस के दोहरे चरित्र का उदाहरण बताया।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रानी सौरभ जैन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों की बात तो करती है, लेकिन महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाती। पार्षद ज्योति नागवानी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है, लेकिन विपक्ष इसका विरोध कर रहा है।
भाजयुमो तिल्दा शहर अध्यक्ष दीपक वर्मा ने कहा कि महिला सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन में भाजपा संगठन की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। रानी सौरभ जैन, स्वाति वर्मा, ज्योति नागवानी, मंजू तिवारी, देवकी बाघमार, मनीषा वर्मा, अरविंद वर्मा, सौरभ जैन, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार निषाद, मनीष शर्मा, प्रिया सिरमौर, संतोष यदु, धर्मेंद्र डहरिया, जयेश पैकरा, पारुल अग्रवाल, लक्ष्मी वैष्णव, नरसिंह वर्मा, दिनेश पंजवानी, गौरव अग्रवाल, आदर्श वर्मा, मनोज साहू, भोला निषाद, मधु कोसले, सुरेश वर्मा, गोपाल साहू, यशवंत सेन, रेवा राम धीवर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





