
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय किराएदार युवती और उसके नवजात की मौत के मामले में पुलिस ने 59 वर्षीय मकान मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर युवती के साथ दुष्कर्म करने और गर्भवती होने के बाद घटना छिपाने के लिए गलत दवा खिलाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार युवती अपनी मां, भाई और बहन के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से आरोपी के मकान में किराए पर रह रही थी। आरोप है कि मकान मालिक ने आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए युवती को लालच और धमकी देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।

बताया जा रहा है कि गर्भावस्था के दौरान आरोपी ने मामले को छिपाने के लिए इंटरनेट पर गर्भपात से जुड़े वीडियो भी सर्च किए थे। घटना के दिन युवती को प्रसव पीड़ा होने पर आरोपी मेडिकल स्टोर से दर्द की दवा लाकर खिला दिया, जिसके बाद युवती की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। गर्भ से बाहर आ रहा नवजात भी नहीं बच सका।

मामले का खुलासा तब हुआ जब अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान परिजनों और मोहल्ले के लोगों को संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्भस्थ शिशु के बारे में जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। मोबाइल जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।




