
तिल्दा-नेवरा, रायपुर।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तिल्दा नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 8 अप्रैल 2026 को की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल (CG 04 DR 5280) में दो व्यक्ति सूटकेस और बैग में गांजा लेकर खरोरा से तिल्दा होते हुए सांकरा की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जोता रेलवे फाटक के पास घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पीछे बैठा व्यक्ति कूदकर फरार हो गया, जबकि चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 8.5 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4.25 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही बाइक (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) भी जब्त की गई। कुल जब्ती 4.75 लाख रुपये की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुमान माण्डले (22 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा, थाना तिल्दा नेवरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक अरुण कुमार भोई और टीम द्वारा की गई।
तिल्दा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अवैध गांजा और शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





