
तिल्दा नेवरा |
लंबे समय से लोक अदालत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। व्यवहार न्यायालय तिल्दा नेवरा में शनिवार, 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर लंबित मामलों का त्वरित निपटारा किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट भावेश कुमार वट्टी ने बताया कि लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रकार के मामलों को एक ही दिन में सुलझाकर निर्णय दिया जाएगा।
इन मामलों का होगा निपटारा:
लोक अदालत में सिविल, दांडिक, मोटर यान अधिनियम से जुड़े प्रकरण, बैंक लोन से संबंधित मामले, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के जलकर व मकान कर से जुड़े प्रकरणों के साथ-साथ सुलह योग्य आपराधिक मामलों का भी निराकरण किया जाएगा।
मजिस्ट्रेट वट्टी ने सभी संबंधित विभागों को लोक अदालत में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित समाधान के लिए इस सुनहरे अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।





