
रायपुर। कमिश्नरेट पुलिस (वेस्ट जोन) ने गश्त के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आदतन वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भुवन सारथी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 2 मोटरसाइकिल, 4 साइकिलें और 1 मोबाइल फोन बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया और पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही आदतन वाहन चोर है और उसके खिलाफ कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से चोरी के वाहन और अन्य सामान जब्त कर लिया।
रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और सख्त कार्रवाई जारी है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




