
बालोद ।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजहरा नगर स्थित दास पान ठेला चौक के पास बीएसपी की सीवरेज लाइन में पाइप बिछाने के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूर गहरे गड्ढे में दब गए। हादसे में दो पुरुष और एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बीएसपी की सीवरेज लाइन के लिए लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में पाइप बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी खिसक गई और वहां काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर पालिका और बचाव दल मौके पर पहुंचा और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों के शव बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार और महिला मजदूर बैशाखिन के रूप में हुई है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




