AI और 1000 से ज्यादा CCTV फुटेज की मदद से अंतरराज्यीय डकैत गिरोह गिरफ्तार, 100 से अधिक वारदातों का खुलासा

बलौदाबाजा। बलौदाबाजार पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सटीक जांच के दम पर एक अंतरराज्यीय हथियारबंद डकैत गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ट्रैकिंग तकनीक का उपयोग किया गया, जिससे आरोपियों की पहचान और गतिविधियों का पता लगाने में सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं तथा उन पर छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में लूट, डकैती और चोरी के 100 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य वारदात के दौरान हथियारों का इस्तेमाल कर लोगों में दहशत फैलाते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, एक लोहे की तलवार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, करीब एक लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवर और नकद राशि जब्त की। बरामद वाहनों, मोबाइल और अन्य सामान सहित कुल जब्ती का मूल्य लगभग 26 लाख रुपये बताया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्यों ने वर्ष 2022 और 2024 में भाटापारा के दो ज्वेलर्स कारोबारियों से लूट की घटनाओं को भी अंजाम दिया था। पुलिस इनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीक आधारित जांच और अंतरराज्यीय समन्वय के चलते इस गिरोह तक पहुंचना संभव हो सका। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित अपराधों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।




