
बेमेतरा।
साजा विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कंप्यूटर खरीदी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान करीब 40 सरकारी स्कूलों में की गई कंप्यूटर खरीदी में अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। आरोप है कि लगभग 1 करोड़ रुपये की खरीदी में कंप्यूटर सेट बाजार मूल्य से कई गुना अधिक दर पर खरीदे गए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा का आरोप है कि प्रत्येक कंप्यूटर सेट, जिसमें तीन कंप्यूटर, मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड और यूपीएस शामिल हैं, का बिल करीब 2.50 लाख रुपये बनाया गया, जबकि बाजार में ऐसे सेट की कीमत लगभग 60 से 65 हजार रुपये बताई जा रही है। उनका दावा है कि इस खरीदी में लाखों रुपये के वित्तीय अंतर की आशंका है।
कांग्रेस का यह भी कहना है कि नवागांवकला, केहका, केसतरा, खाती और बीजा सहित कई सरकारी स्कूलों ने कंप्यूटर की मांग ही नहीं की थी। कई स्कूलों में कंप्यूटर लैब या सुरक्षित कक्ष नहीं होने के कारण कंप्यूटर उपयोग में नहीं आ पा रहे हैं और स्टोर रूम या अलमारियों में रखे हुए हैं, जिससे विद्यार्थियों को इनका लाभ नहीं मिल रहा।
इस मामले पर साजा विधायक ईश्वर साहू ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह खरीदी वर्ष 2024-25 की है और स्कूलों से प्राप्त मांग के आधार पर कलेक्टर को पत्र भेजा गया था। उन्होंने कहा कि यदि किसी को आपत्ति है तो निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिससे पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
मामले के सामने आने के बाद बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति संबंधित स्कूलों का निरीक्षण कर खरीदी गई सामग्री, बिलों और अन्य दस्तावेजों की जांच करेगी तथा अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी साजा विधानसभा क्षेत्र में कुछ विकास कार्यों को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आ चुके हैं। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।




